भारतीय रेलवे ने देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन फ्यूल सेल आधारित ट्रेन का संचालन शुरू कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस कदम के साथ भारत उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल हो गया है जिन्होंने स्वच्छ, हरित और भविष्य उन्मुख रेल परिवहन तकनीक को अपनाया है। इस ट्रेन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह ग्रीन हाइड्रोजन फ्यूल सेल से संचालित होती है और इसके संचालन के दौरान कार्बन डाइऑक्साइड या अन्य प्रदूषक गैसों के बजाय केवल जलवाष्प (Water Vapour) उत्सर्जित होती है। इससे वायु प्रदूषण में कमी आएगी, कार्बन उत्सर्जन घटेगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक पारंपरिक डीजल इंजनों की तुलना में अधिक ऊर्जा-कुशल, शांत और पर्यावरण-अनुकूल मानी जाती है, जिससे ईंधन पर निर्भरता कम होगी और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना भारत के राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन आधुनिक रेलवे अवसंरचना और स्वदेशी तकनीक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल से ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी, स्वदेशी नवाचार को प्रोत्साहन मिलेगा, टिकाऊ परिवहन प्रणाली का विस्तार होगा और भविष्य में भारतीय रेलवे अधिक हरित, आधुनिक तथा वैश्विक मानकों के अनुरूप परिवहन नेटवर्क विकसित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकेगा।