अयोध्या के श्रीरामजन्मभूमि मंदिर प्रबंधन में बड़े बदलाव और चढ़ावा चोरी मामले की जांच को लेकर नई हलचल शुरू हो गई है. ट्रस्ट ने मंदिर निर्माण परियोजना के प्रबंधक रहे इंजीनियर जगदीश आफले को नया सचिव नियुक्त करने का फैसाल लिया है. अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने जगदीश आफले का नाम प्रस्तावित होने की पुष्टि की है. दूसरी ओर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित नई एसआईटी ने मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की जांच तेज कर दी है. आईजी किरण एस. के नेतृत्व में बनी तीन सदस्यीय एसआईटी बैंककर्मियों के बयान दर्ज करने के बाद अब ट्रस्ट पदाधिकारियों से पूछताछ की प्रक्रिया शुरू कर रही है.नई एसआईटी के गठन के बाद जांच को फिर से गति मिली है और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. हालांकि, नई एसआईटी की औपचारिक बैठक अभी नहीं हुई है. लेकिन पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है.
अनिल मिश्रा से हो सकती है पूछताछनई एसआईटी ने चढ़ावे की गणना करने वाले बैंककर्मियों के बयान दर्ज कर लिए हैं. अब पूर्व ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा का बयान दर्ज करने के लिए नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है. एसआईटी बैंकिंग रिकॉर्ड और दस्तावेजों के आधार पर उनसे पूछताछ करेगी. जरूरत पड़ने पर ट्रस्ट से जुड़े अन्य पदाधिकारियों गोपाल राव समेत अन्य पदाधिकारियों से भी पूछताछ की जा सकती है.सुप्रीम कोर्ट के 20 जुलाई के निर्देश के बाद प्रदेश सरकार ने आईजी किरण एस. की अगुवाई में नई तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है. इस टीम में अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमेन बर्मा और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को भी शामिल किया गया है.
मंदिर प्रबंधन में बड़े बदलाव की तैयारी तेजनई एसआईटी के जांच शुरू करने के इतर राम मंदिर प्रबंधन के लिए नई नियुक्तियों का सिलसिला भी शुरू हो गया है. सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट ने मंदिर निर्माण परियोजना के प्रबंधक रहे इंजीनियर जगदीश आफले को सचिव नियुक्त करने का फैसला किया है.अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने जगदीश आफले का नाम प्रस्तावित किए जाने की पुष्टि की है. बताया जा रहा है कि उनके नाम की औपचारिक घोषणा 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में की जाएगी. महाराष्ट्र के पुणे निवासी जगदीश आफले बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े रहे हैं. इसके साथ ही ट्रस्ट ने ये भी जानकारी दी है कि प्रवक्ता पद के लिए भी चयन प्रक्रिया लगातार जारी है.