Apple अपने नए एयरपॉड्स पर काम कर रही है, जिनमें बिल्ट-इन कैमरा और एडवांस AI फीचर्स दिए जा सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी इन खास एयरपॉड्स की टेस्टिंग के अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। बताया जा रहा है कि नए बड्स का डिजाइन लगभग फाइनल हो चुका है और इन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित फीचर्स के साथ पेश किया जाएगा। हालांकि कंपनी अभी तक अपने नए जनरेटिव AI आधारित Siri को पूरी तरह तैयार नहीं कर पाई है, जिसके कारण लॉन्च में देरी हो रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार एपल इन नए एयरपॉड्स को इस साल लॉन्च कर सकती है, लेकिन कंपनी की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
इन एयरपॉड्स में दिए जाने वाले कैमरे सामान्य कैमरों की तरह सेल्फी लेने या वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए इस्तेमाल नहीं होंगे। बल्कि ये AI असिस्टेंट के लिए “आंख” की तरह काम करेंगे। कैमरों की मदद से एयरपॉड्स आसपास मौजूद चीजों को पहचान सकेंगे और यूजर को उनकी जानकारी दे सकेंगे। उदाहरण के तौर पर अगर कोई यूजर किसी नई जगह पर किसी वस्तु, दुकान या लोकेशन के बारे में जानकारी लेना चाहे, तो कैमरे और AI की मदद से तुरंत उसकी डिटेल्स मिल सकती हैं। यह तकनीक काफी हद तक OpenAI के विजुअल AI फीचर्स और ChatGPT के लाइव विजुअल मोड जैसी मानी जा रही है।
रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि ये स्मार्ट एयरपॉड्स यूजर की पुरानी विजुअल यादों को पहचानने और उन्हें दोबारा याद दिलाने में भी मदद कर सकते हैं। यानी अगर यूजर किसी ऐसी जगह या चीज को भूल जाए जिसे वह पहले देख चुका हो, तो AI उसकी पहचान कर संबंधित जानकारी दिखा सकता है। बताया जा रहा है कि एयरपॉड्स में एक छोटा LED इंडिकेटर भी दिया जाएगा, जो कैमरा एक्टिव होने पर जल उठेगा, ताकि यूजर को पता चल सके कि कैमरा इस्तेमाल हो रहा है। यह तकनीक भविष्य में पहनने योग्य AI डिवाइसेज़ की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।