CBSE ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 की उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन (Verification) और री-इवैल्यूएशन (Re-evaluation) प्रक्रिया को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। बोर्ड के अनुसार, 3 जून की दोपहर तक 43,980 छात्रों ने सफलतापूर्वक आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ली थी। इनमें 4,924 आवेदन सत्यापन के लिए और 39,056 आवेदन री-इवैल्यूएशन के लिए प्राप्त हुए। यह संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे स्पष्ट है कि बड़ी संख्या में छात्र अपने परिणामों की दोबारा जांच करवाना चाहते हैं।
इस बीच छात्रों और अभिभावकों के बीच यह भ्रम फैल गया था कि आवेदन शुल्क जमा करने के लिए केवल कुछ सरकारी बैंकों—जैसे SBI, Canara Bank, Bank of Baroda या Indian Bankमें खाता होना जरूरी है। CBSE ने इस पर स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि ऐसा कोई नियम नहीं है। छात्र किसी भी बैंक के खाते, नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड या अन्य उपलब्ध ऑनलाइन भुगतान माध्यमों से शुल्क जमा कर सकते हैं। किसी विशेष बैंक में खाता होना अनिवार्य नहीं है।
बोर्ड ने यह भी बताया कि री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर भारी ट्रैफिक और साइबर हमलों की कोशिशों के बावजूद प्रणाली सुरक्षित और कार्यरत रही। CBSE के अनुसार पोर्टल पर लाखों हिट्स आने के बावजूद आवेदन प्रक्रिया जारी रही और छात्रों के डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए विशेषज्ञों की मदद भी ली जा रही है। जिन छात्रों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आधिकारिक CBSE पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।